बोकारो: बोकारो पुलिस ने शहर में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए एक वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया है। कार्रवाई के दौरान चोरी की कुल 9 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर-9/डी स्थित बीएसएल क्वार्टर संख्या-921 से सुदेश कुमार की काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल (JH10-CR-3079) चोरी हो गई थी। इस संबंध में हरला थाना कांड संख्या 62/2026 दिनांक 2 जुलाई 2026 को धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था।
वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। अनुसंधान के दौरान मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सेक्टर-6/सी निवासी एक विधि-विरुद्ध किशोर को चिन्हित किया गया। उसकी निशानदेही पर धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत कैलुडीह खटाल, छाताबाद निवासी अरमान कुमार यादव उर्फ अमन कुमार (23 वर्ष) के घर पर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान चोरी की गई अपाचे बाइक समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी हुई कुल 9 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इसके बाद पुलिस ने अरमान कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया तथा विधि-विरुद्ध किशोर को निरुद्ध कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री का काम करता था। उसके विरुद्ध पहले भी सेक्टर-06 एवं हरला थाना में वाहन चोरी के चार मामले दर्ज हैं।
बरामद वाहन
बरामद मोटरसाइकिलों में टीवीएस रेडियन, हीरो पैशन, होंडा शाइन एसपी, स्प्लेंडर प्लस, पैशन प्लस, स्प्लेंडर एनएक्सजी तथा अपाचे सहित कुल 9 बाइक शामिल हैं।
छापेमारी दल
इस अभियान में नगर पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन, हरला थाना प्रभारी खुर्शीद आलम, सेक्टर-04 थाना प्रभारी संजय कुमार, अनुसंधानकर्ता मनीष कुमार गुप्ता, अमन कुमार, मंटु कुमार, सहदेव कुमार साव, विक्रम कुमार, एनुल हक तथा आरक्षी नरेश मंडल शामिल थे।
बोकारो पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन चोरी की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980