कथारा (बोकारो): सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने और बच्चों को खेल व शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कथारा ओपी प्रभारी राजेश प्रजापति ने रविवार को कथारा मोड़, झिरकी एवं असनापानी के बच्चों के बीच फुटबॉल और वॉलीबॉल का वितरण किया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी ने बच्चों को खेल-कूद के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ टीम भावना एवं अनुशासन की भावना भी विकसित करता है। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई करने, अनुशासित जीवन अपनाने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ने बच्चों को विभिन्न कानूनों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं। उन्होंने बताया कि कानून का पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से दूर रहकर समाज के जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
इस मौके पर कथारा क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने थाना प्रभारी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से बच्चों में सकारात्मक सोच विकसित होती है और पुलिस तथा आम जनता के बीच विश्वास भी मजबूत होता है।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
