बेरमो: डीवीसी के बोकारो ताप विद्युत केंद्र, बोकारो थर्मल में कार्यरत सप्लाई मजदूरों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर आगामी 12 अगस्त को परियोजना प्रधान कार्यालय के समक्ष प्रस्तावित प्रदर्शन की तैयारी तेज हो गई है।
इसी क्रम में गुरुवार को भारी बारिश के बीच बोकारो थर्मल स्थित दुर्गा मंडप में सप्लाई मजदूरों एवं उनके प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सप्लाई मजदूरों की 9 सूत्री मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रमुख मांगों में स्थायी कर्मचारियों की तर्ज पर ऊर्जा भत्ता प्रदान करना, प्रीपेड स्मार्ट मीटर को पोस्टपेड मीटर में परिवर्तित कर बिजली बिल की राशि वेतन से काटने की व्यवस्था लागू करना, सेवानिवृत्त सप्लाई मजदूरों को समय पर ग्रेच्युटी का भुगतान, आवास किराये के नाम पर सामान्य किराये के 60 गुना की कथित अवैध कटौती पर रोक लगाना एवं पूर्व में काटी गई राशि का समायोजन करना, आवासों का समुचित अनुरक्षण, खाली पड़े एफ एवं जीएम टाइप आवासों का सप्लाई मजदूरों को आवंटन तथा कार्यस्थल परिवर्तन के बाद कार्य की प्रकृति में बदलाव पर रोक लगाने सहित अन्य मांगें शामिल हैं।
बैठक को संबोधित करते हुए डीवीसी ठेका मजदूर संघ के महामंत्री भरत यादव ने बताया कि हाल ही में डीवीसी मुख्यालय में नवपदस्थापित चेयरमैन, सदस्य सचिव एवं कार्यपालक निदेशक के साथ इन मांगों को लेकर अनौपचारिक वार्ता हुई है। उन्होंने कहा कि मांगों के समाधान के लिए मजदूरों को एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाना होगा।
इस दौरान ब्रजकिशोर सिंह, नवीन पाठक, गणेश राम, नागेश्वर महतो एवं रघुवर सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी मजदूरों से 12 अगस्त के प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाग लेने और एकता बनाए रखने का आह्वान किया। बैठक के समापन पर हाल ही में सड़क दुर्घटना में मृत सप्लाई मजदूर रियाज अंसारी की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उपस्थित सभी मजदूरों एवं प्रतिनिधियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। बैठक की अध्यक्षता एवं संचालन ब्रजकिशोर सिंह ने किया।
राजेश सागर की रिपोर्ट,
