पलामू: प्रगतिशील युवा क्लब की पूर्व समिति को भंग कर शुक्रवार को नई समिति का गठन किया गया। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित बैठक की अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष रंजीत कुमार चंदेल ने की। बैठक में सर्वसम्मति से प्रदीप कुमार पटेल ‘पीपी’ को क्लब का अध्यक्ष चुना गया। वहीं वारिश खान को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नई समिति में मोहम्मद आफताब को लीगल एडवाइजर बनाया गया है। नीतीश पटेल, रितेश पासवान और लाला गुप्ता को सोशल मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई। वहीं टीपू सुल्तान को स्वास्थ्य विभाग का सेवा प्रमुख बनाया गया।
बैठक में शिक्षा, बिजली, स्वास्थ्य, भ्रष्टाचार, साफ-सफाई समेत जनसरोकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। क्लब के सदस्यों ने समाज में रचनात्मक कार्यों को बढ़ावा देने और आम लोगों की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने पर जोर दिया।
नवनियुक्त अध्यक्ष प्रदीप पटेल ‘पीपी’ ने कहा कि युवा केवल बैठकर समस्याओं पर चर्चा करने के लिए नहीं, बल्कि उनके समाधान की दिशा में ठोस पहल करने के लिए आगे आए हैं। क्लब का मुख्य उद्देश्य सामाजिक कार्यों की रफ्तार बढ़ाना और छोटी-बड़ी समस्याओं का व्यावहारिक समाधान तलाशना है।
उन्होंने कहा कि सड़कों में गड्ढे, गंदगी तथा गरीब बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और किताबों की पहुंच जैसी समस्याओं पर केवल चर्चा करने से बदलाव नहीं आएगा। प्रगतिशील युवा क्लब समस्याओं को गिनाने के बजाय उनके समाधान की दिशा में काम करेगा। “हमें समस्याओं का हिस्सा नहीं, बल्कि उनका समाधान बनना है।”
उन्होंने कहा कि क्लब द्वारा अब तक किए गए सामाजिक कार्य सराहनीय रहे हैं, लेकिन अब संगठन की गतिविधियों का दायरा और व्यापक करने की जरूरत है। नई समिति जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए समाज के लिए रचनात्मक और प्रभावी कार्य करेगी।
बैठक में वार्ड पार्षद अभिमन्यु गुप्ता, मुन्ना कुमार देव, रंजीत चंदेल, शक्ति पासवान, दिनेश कुमार, सोनू चंद्रवंशी, असगर अली, अरविंद यादव, विकास कुमार पासवान, टीपू सुल्तान, धनंजय कुमार पासवान, संदीप कुमार पासवान, विकास कुमार, इम्तियाज आलम, देव कुमार भगत, विशाल कुमार, गोविंद कुमार पासवान, प्रभु पासवान, प्रकाश चंदेल, अमित कुमार पासवान, रवि चंदेल, विकास गुप्ता और परशुराम पासवान सहित अन्य लोग मौजूद थे।
अविनाश कुमार की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
