हुसैनाबाद: नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से शुक्रवार को विभिन्न वार्डों में पीसीसी सड़क एवं नाली निर्माण की पांच योजनाओं का शिलान्यास किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती, उपाध्यक्ष सुनील कुमार चौधरी एवं संबंधित वार्ड पार्षदों ने संयुक्त रूप से योजनाओं का शिलान्यास किया।
शिलान्यास की गई योजनाओं में वार्ड संख्या एक, तीन एवं 12 में पीसीसी सड़क निर्माण, वार्ड संख्या 13 में सड़क एवं नाली निर्माण तथा वार्ड संख्या सात में नाली निर्माण कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से संबंधित वार्डों के लोगों को सड़क एवं जल निकासी की समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती ने कहा कि हुसैनाबाद नगर पंचायत के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना उनकी प्राथमिकता है। जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरते हुए शहर के प्रत्येक हिस्से में पक्की सड़क, बेहतर जल निकासी और स्वच्छता की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
वहीं, उपाध्यक्ष सुनील कुमार चौधरी ने कहा कि नगर पंचायत में विकास की गति को रुकने नहीं दिया जाएगा। लंबे समय से सड़क एवं नाली की समस्या झेल रहे नागरिकों को इन योजनाओं से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के जीवन स्तर में सुधार लाना है और इसके लिए सभी के सहयोग से पूरे शहर का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जाएगा।
शिलान्यास कार्यक्रम में वार्ड पार्षद आशा देवी, उमा देवी, बबिता देवी, राजेन्द्र पाल, राजकुमार कश्यप, शंभु कुमार, आनंद कुमार, अभिमन्यु कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा पूर्व पार्षद अखिलेश यादव, प्रदीप पटेल (पीपी), असगर अली, सोनू चंद्रवंशी, उमेश चौधरी, राजेंद्र पाल, राजेश सिंह, राजेश मालाकार, अजय सिंह, अंजय सिंह, अफरोज, शाहिद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
अविनाश कुमार की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
