बेरमो: राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण (NDSA), जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार के आह्वान पर देशभर में मनाए जा रहे ‘सेवा संकल्प-2026’ पखवाड़ा के तहत बुधवार को कोनार डैम परिसर में भव्य दीप प्रज्वलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व कोनार परियोजना के ऊर्जावान और जनप्रिय परियोजना प्रधान राणा रणजीत सिंह ने किया। उनके निर्देशन में कोनार डैम परिसर, सुरक्षा चौकी और डैम के 3 किलोमीटर के दायरे में हजारों दीप जलाए गए। दीपों की रोशनी से पूरा डैम परिसर जगमगा उठा और एक अद्भुत दृश्य प्रस्तुत हुआ। इस अवसर पर अपने संबोधन में परियोजना प्रधान राणा रणजीत सिंह ने कहा –
कोनार डैम सिर्फ कंक्रीट की दीवार नहीं, यह इस क्षेत्र की जीवनरेखा है। हमारी पहली जिम्मेदारी इस बांध की सुरक्षा है, ताकि आसपास के लाखों लोगों का जीवन सुरक्षित रहे। सेवा संकल्प का अर्थ ही है – राष्ट्र की सेवा, समाज की सेवा और सुरक्षा का संकल्प। डीवीसी कोनार परियोजना केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं है, हम यहां के गांवों के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के लिए हमेशा तत्पर हैं। दीप का प्रकाश हमें अंधेरे से उजाले की ओर ले जाने का संदेश देता है, वैसे ही हम कोनार के विकास को नई रोशनी देंगे।
राणा रंजीत सिंह ने आगे कहा कि डीवीसी प्रबंधन स्थानीय समुदाय के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहा है और आगे भी CSR के तहत कई जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जाएंगी।
उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा जवानों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी और बांध सुरक्षा को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
इस कार्यक्रम में वरीय प्रबंधक (विद्युत) विशाल यादव, प्रबंधक (सिविल) गोपाल महतो, प्रबंधक दीपक कुमार, प्रबंधक (विद्युत) चंदन कुमार, गौतम कुमार, CSR प्रभारी सुनील कुमार, कार्यपालक (सिविल) चंद्रशेखर प्रसाद सहित परियोजना के सभी अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
राजेश सागर की रिपोर्ट,
