बिना गारंटी 15 से 50 हजार रुपये तक ऋण की सुविधा, डिजिटल सशक्तिकरण के साथ सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइलिंग पर जोर
फुसरो: नगर परिषद की ओर से कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन के निर्देश पर “पीएम स्वनिधि लोक कल्याण मेला” कैंप का आयोजन किया गया। मेले के माध्यम से फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के स्ट्रीट वेंडरों को पीएम स्वनिधि सहित केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया। 
फुसरो नगर मिशन प्रबंधक सुजीत कुमार त्रिवेदी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य पथ विक्रेताओं को बिना किसी गारंटी के आसानी से कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराना, डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देना, उनका क्षमतावर्धन करना तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत पात्र लाभुकों को पहले चरण में 15,000 हजार रुपये, दूसरे चरण में 25,000 हजार रुपये और तीसरे चरण में 50,000 हजार रुपये तक का ऋण बैंक के माध्यम से बिना किसी गारंटी के उपलब्ध कराया जाता है। वहीं, जो लाभुक 50,000 हजार ₹ ले चुके, पात्र लाभुकों को आगे क्रेडिट कार्ड की सुविधा से भी जोड़े जाने का प्रावधान है।
कैंप के दौरान स्ट्रीट वेंडरों की सामाजिक एवं आर्थिक प्रोफाइलिंग की गई। फुसरो नगर परिषद की टीम द्वारा डोर-टू-डोर भ्रमण कर भी पथ विक्रेताओं और अन्य पात्र लोगों को “पीएम स्वनिधि” समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। कर्मियों ने लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी भी दी।
अभियान के दौरान तपन कुमार अड्डी, दिव्यांश मिश्रा, सामुदायिक संगठनकर्ता बेबी देवी, लक्ष्मी सिंह, चिंता कुमारी, मुन्नी देवी, रीता देवी समेत नगर परिषद के कर्मी एवं लाभुक मौजूद रहे।
शंकर प्रसाद की रिपोर्ट,
