बच्चों व ग्रामीणों ने लगाए देशभक्ति के नारे, हनुमान चालीसा का पाठ कर शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना
टंडवा (चतरा), 3 अक्टूबर को टंडवा प्रखंड अंतर्गत ग्राम पोकला में शनिवार को शिक्षक बिनेश्वर कुमार के नेतृत्व में स्कूली बच्चों एवं ग्रामीणों ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के सम्मान में भव्य ‘संकल्प एवं तिरंगा यात्रा’ निकाली। यात्रा के दौरान बच्चों और ग्रामीणों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ पूरे गांव का भ्रमण किया।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत गांव के पारंपरिक सरना स्थल से हुई। इस दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘हवा में लहराए तिरंगा प्यारा, वीर कैप्टन स्मित को सलाम हमारा’, ‘आसमान का वीर जवान, कैप्टन स्मित भारत की शान’ सहित विभिन्न देशभक्ति नारों से पूरा गांव गूंज उठा। यात्रा में शामिल लोगों ने कैप्टन स्मित मच्छार के साहस और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति सम्मान व्यक्त किया तथा ग्रामीणों को उनके बारे में जानकारी दी।
गांव का भ्रमण करने के बाद तिरंगा यात्रा पोकला स्थित शिव मंदिर परिसर पहुंची। यहां बच्चों और ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ एवं दीर्घायु के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई।
174 यात्रियों की जान बचाने का किया गया उल्लेख
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बताया कि दुबई से इजराइल के तेल अवीव जा रहे विमान में संकट की स्थिति उत्पन्न होने पर कैप्टन स्मित मच्छार ने सूझबूझ, साहस और दृढ़ता का परिचय दिया। उनके प्रयासों से विमान में सवार 174 यात्रियों की जान बचाए जाने की बात कार्यक्रम में कही गई। वक्ताओं ने उनके इस साहसिक प्रयास को विमानन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उनकी सराहना की। शिक्षक बिनेश्वर कुमार और ग्रामीणों ने कैप्टन स्मित मच्छार के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। कार्यक्रम में बच्चों और ग्रामीणों की भागीदारी से गांव में देशभक्ति एवं एकजुटता का माहौल देखने को मिला।
कामेश्वर गुप्ता की रिपोर्ट,
