बेरमो /राजभाषा पखवाड़ा-2026 के अवसर पर बोकारो इस्पात संयंत्र द्वारा आयोजित नराकास अध्यक्षीय राजभाषा चल वैजयंती प्रतियोगिता में केन्द्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर इतिहास रच दिया है।
राजभाषा पखवाड़ा का आयोजन 14 से 28 सितंबर 2026 तक किया गया। इस दौरान बोकारो इस्पात संयंत्र द्वारा नराकास (नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति) के सदस्य संगठनों के बीच राजभाषा संबंधी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल विगत लगभग 40 वर्षों से नराकास में पंजीकृत नहीं था। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी. आर. डे के विशेष प्रयासों से पहली बार विद्यालय का नराकास में पंजीकरण कराया गया तथा विद्यालय ने राजभाषा संबंधी प्रतियोगिता में सहभागिता की। पहली ही बार में प्रथम स्थान प्राप्त करना विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।
राजभाषा पखवाड़ा के समापन-सह-पुरस्कार समारोह का आयोजन मंगलम बैंक्वेट हॉल, सेक्टर-4C, बोकारो स्टील सिटी में किया गया। समारोह में बोकारो स्टील प्लांट के प्रभारी निदेशक प्रिय रंजन द्वारा केन्द्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल के प्राचार्य डॉ. बी. आर. डे को राजभाषा चल वैजयंती का प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. बी. आर. डे ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डीवीसी बोकारो थर्मल के मुख्य महाप्रबंधक सुशील कुमार अरजरिया एवं केन्द्रीय विद्यालय संगठन, रांची संभाग के उपायुक्त एस. बी. जोगलेकर के मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों के प्रोत्साहन से ही विद्यालय को नराकास से जुड़ने का अवसर मिला।
बेरमो से राजेश सागर
