Home » News Update » देशभक्ति गीत प्रतियोगिता में डीएवी कथारा ने हासिल किया दूसरा स्थान

देशभक्ति गीत प्रतियोगिता में डीएवी कथारा ने हासिल किया दूसरा स्थान

सुर-ताल, अनुशासन और शानदार प्रस्तुति से विद्यार्थियों ने जीता सबका दिल

कथारा: डॉ. राधाकृष्णन सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स, बोकारो के तत्वावधान में मंगलवार को डीएवी पब्लिक स्कूल, सेक्टर-4 में अंतर-विद्यालयी देशभक्ति गीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

 

प्रतियोगिता में बोकारो क्षेत्र के कई प्रतिष्ठित विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बीच डीएवी कथारा के प्रतिभागियों ने अपनी सुमधुर गायन शैली, आकर्षक वेशभूषा, सुर-ताल और लयबद्ध प्रस्तुति से निर्णायक मंडली सहित उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया।

 

प्रतियोगिता में एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि डीएवी कथारा दूसरे स्थान पर रहा। वहीं, माउंट सियोन स्कूल और डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर-4 ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के समापन पर विजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

 

डीएवी कथारा की ओर से प्रतियोगिता में निधि कुमारी, अनुश्री, राजनंदिनी, मुनमुन रानी, प्रकृति प्रधान, एशानी दत्ता, प्राण्या कीर्ति, यश सिन्हा और अर्नव सिन्हा ने भाग लिया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि में विद्यालय के संगीत शिक्षक संगीत कुमार, रिया सिन्हा और अश्विनी कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिक्षकों के मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास के परिणामस्वरूप विद्यार्थियों ने यह सफलता हासिल की।

 

प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका आकाशवाणी, रांची की विशेषज्ञ निर्णायक मंडली ने निभाई। निर्णायकों ने विद्यार्थियों के गायन, सुर-ताल, मंच पर आत्मविश्वास और प्रस्तुति की सराहना की।

 

इस अवसर पर सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स के महासचिव डॉ. जी.एन. खान ने कहा कि अंतर-विद्यालयी प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशप्रेम की भावना जागृत करने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व निर्माण को बढ़ावा देना है। उन्होंने डीएवी कथारा के विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे बच्चों की मेहनत और संगीत शिक्षकों के उत्कृष्ट मार्गदर्शन का परिणाम बताया।

 

कार्यक्रम में सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स के उपाध्यक्ष डॉ. आमिर हुसैन, संयुक्त सचिव डॉ. रीना ठाकुर, कोषाध्यक्ष फादर वर्गीस जोशी, माउंट सियोन स्कूल के निदेशक संजीव कुमार ठाकुर, मिथिला एकेडमी के प्राचार्य सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षाविद एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

 

डीएवी कथारा के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष और गर्व का माहौल है। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

POll

[democracy id="1"]

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal