अलर्ट मोड पर पुलिस, दुर्गा पूजा को लेकर किया फ्लैग मार्च
बेरमो : आगामी दुर्गा पूजा को लेकर विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए बोकारो थर्मल थाना पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गई है। गुरुवार की संध्या थाना पुलिस ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा का संदेश दिया।
निरीक्षण का नेतृत्व इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह कर रहे थे। इस दौरान पुलिस टीम ने बोकारो थर्मल, फेज टू, नई बस्ती, कथारा, जारंगडीह सहित थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च के दौरान सड़क पर लगने वाले जाम की समस्या, पूजा पंडाल के समीप साफ-सफाई, लाइटिंग व्यवस्था आदि का भी निरीक्षण किया गया। फ्लैग मार्च में दर्जनों बाइक दस्ता सहित काफी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल थे।
थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह ने दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्षों, सचिवों सहित अन्य पदाधिकारियों व क्षेत्र के गणमान्य लोगों के साथ संपर्क स्थापित कर दुर्गा पूजा शांति और आपसी सौहार्द के वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे थाना क्षेत्र में सचेत और सजग है तथा असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर बनाए हुए है। किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था व आपसी सौहार्द को भंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पूजा समितियों के लिए निर्देश:
सभी पूजा पंडालों में प्रवेश व निकास के लिए अलग-अलग द्वार रखें। पंडाल में सीसीटीवी कैमरा, अग्निशमन यंत्र और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से करें। सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, अश्लील गानों को नहीं बजाएं। भीड़ नियंत्रण के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती करें और महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
