28 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, रसगुल्ला और पनीर के नमूने जांच के लिए भेजे गए
बोकारो: त्योहारों के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने और आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बोकारो जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026 को जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों और पूजा पंडालों के आसपास स्थित करीब 28 दुकानों का निरीक्षण किया गया।
उपायुक्त बोकारो एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गुलाब लकड़ा, पूजा कुमारी और एम.ए. आलम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की। निरीक्षण के दौरान अखाद्य रंग का प्रयोग कर तैयार की गई लगभग 12 किलोग्राम जलेबी को नष्ट कराया गया।
वहीं, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए रसगुल्ला, पनीर समेत अन्य खाद्य सामग्री के नमूने संग्रहित कर राज्य खाद्य प्रयोगशाला, रांची भेजे गए। इसके अलावा, बिना एफएसएसएआई (FSSAI) पंजीकरण या लाइसेंस के खाद्य कारोबार करने वाले व्यवसायियों को नियमानुसार नोटिस जारी किया गया।
खाद्य कारोबारियों को दिए गए निर्देश
अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों के निर्माण और भंडारण में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करने तथा दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने खाद्य पदार्थों में अखाद्य रंगों का इस्तेमाल नहीं करने और बाहर से आने वाली सिंथेटिक एवं नकली मिठाइयों, पनीर तथा अन्य खाद्य सामग्रियों की खरीद-बिक्री के दौरान विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा इसके तहत बनाए गए नियमों और विनियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मिलावट की आशंका पर विभाग को दें सूचना
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, स्वच्छता और विश्वसनीयता पर विशेष ध्यान दें। किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट की आशंका होने पर संबंधित विभाग को इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
