बेरमो: बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के राजबाजार से एक 14 वर्षीय छात्र के अचानक लापता हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। लापता छात्र की पहचान फैजल रजा के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है l
लापता छात्र फैजल रजा मूल रूप से रामगढ़ जिले के कुजू का रहने वाला है। वह कुजू स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल का छात्र बताया जाता है। जानकारी के अनुसार, वह कुछ दिन पहले ही अपने नाना राजबाजार निवासी गुलाम जिलानी के घर मेला घूमने आया था। राजबाजार में इन दिनों मेले को लेकर चहल-पहल है और इसी मेले का आनंद लेने वह ननिहाल आया हुआ था।
परिजनों ने बताया कि 25 अक्टूबर की सुबह लगभग 5:30 बजे फैजल नाना के घर से बाहर निकला था। परिजनों ने समझा कि वह आसपास ही टहलने गया होगा, लेकिन काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो खोजबीन शुरू की गई। रिश्तेदारों, मेले और आसपास के इलाकों में तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। अंततः परेशान परिजनों ने बोकारो थर्मल थाना में उसके लापता होने से संबंधित लिखित शिकायत आवेदन दिया है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने और परिजनों से पूछताछ करने में जुट गई है।
समाचार लिखे जाने तक लापता छात्र का कोई पता नहीं चल सका है। परिजनों ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को फैजल के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत बोकारो थर्मल थाना या परिजनों को सूचित करें।
राजेश सागर की रिपोर्ट,
