नवीनगर (औरंगाबाद): औरंगाबाद जिले के नवीनगर प्रखंड स्थित प्रसिद्ध गजना धाम में गजना महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। महोत्सव को लेकर मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को गजना मंदिर परिसर में साफ-सफाई सहित अन्य तैयारियों का जायजा लिया गया। इस दौरान अधिकारियों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
स्थल निरीक्षण के दौरान जिला संस्कृति पदाधिकारी पप्पू राज, नवीनगर प्रखंड विकास पदाधिकारी ओमकार वैभव सिंह और टंडवा थानाध्यक्ष अजय बहादुर सिंह मौजूद रहे। साथ ही मुंगिया पंचायत के मुखिया जय प्रकाश सिंह भी उपस्थित थे। अधिकारियों की देखरेख में मंदिर परिसर की साफ-सफाई और महोत्सव की तैयारियों को लेकर आवश्यक पहल की जा रही है, ताकि आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।
जिला संस्कृति पदाधिकारी पप्पू राज ने बताया कि 2 नवंबर 2026 को गजना महोत्सव में हिंदी बॉलीवुड गायिका मधुरिमा बासु अपनी प्रस्तुति देंगी। वहीं, 3 नवंबर को क्षेत्रीय कलाकारों के साथ-साथ विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। महोत्सव में स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
गजना धाम में आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल है। आयोजन की तैयारियों के बीच मंदिर परिसर की साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर जोर दिया जा रहा है। महोत्सव के माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा देने और स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने की उम्मीद है।
अविनाश कुमार की रिपोर्ट,
