कथारा प्रबंधक के रवैये के खिलाफ मजदूरों में नाराजगी, समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद करने का आह्वान
कथारा। राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन की कथारा क्षेत्रीय इकाई की आपातकालीन बैठक कथारा रेस्ट हाउस में आयोजित की गई। बैठक में कथारा प्रबंधक की कार्यशैली, मजदूरों की लंबित समस्याओं और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई। प्रबंधक के रवैये के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने और आगे की रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया।

बैठक में मजदूर एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता इसराफिल अंसारी उर्फ बबनी ने कहा कि मजदूरों के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने घोषणा की कि आगामी शुक्रवार को महाप्रबंधक (जीएम) कार्यालय के समक्ष मजदूरों की विशाल बैठक आयोजित की जाएगी। इस दौरान मजदूरों की समस्याओं और जायज मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए प्रबंधक के समक्ष प्रभावी तरीके से अपनी बात रखी जाएगी।
वहीं, राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन की कथारा एरिया के वरिष्ठ नेता विल्सन फ्रांसिस ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रबंधक की बेरुखी और मजदूरों की समस्याओं के प्रति उदासीनता को देखते हुए अब सभी को एकजुट होने की जरूरत है। उन्होंने मजदूरों से अपने अधिकारों और जायज मांगों के लिए संगठित होकर आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि एकता और सामूहिक प्रयासों से ही मजदूरों की समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की जा सकती है।
राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन के वरिष्ठ नेता अजय सिंह भी मजदूरों की एकजुटता को संघर्ष की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना होगा।
बैठक में शुक्रवार को जीएम कार्यालय के समक्ष आयोजित होने वाली बैठक को सफल बनाने तथा मजदूरों की मांगों को मजबूती से उठाने की रणनीति पर चर्चा की गई। यूनियन ने मजदूरों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मोहम्मद जानी, बेद दयास चौबे, कृष्णा निषाद, मोहम्मद कलीम, मोहम्मद याकूब, हासिम अंसारी, शराफत हुसैन, मोहम्मद रब्बरनी, इस्लामअंसरी,शेखर कुमार, हेद खुंद, नसीम अख्तर, अमित चोहान, जहांगीर आलम, सहजाद, फारूक, शमीम, देव आशीष अश, संतोष सिंह, कमरुल सहित कई लोग उपस्थित थे।
