चतरा: समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त कीर्तिश्री की अध्यक्षता में जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और प्रभावशीलता की गहन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं के सुचारु क्रियान्वयन, लाभुकों तक लाभ सुनिश्चित करने, कार्यों की गति और लंबित बिंदुओं के समाधान पर विस्तृत चर्चा हुई।
मातृ वंदना योजना में लापरवाही पर नाराजगी।
उपायुक्त ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए हंटरगंज और प्रतापपुर प्रखंड के सीडीपीओ को क्षेत्र भ्रमण कर लाभुकों तक योजना का लाभ पहुंचाने और कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
ई-केवाईसी कार्य में शत-प्रतिशत लक्ष्य।
फेशियल रिकॉग्निशन आधारित ई-केवाईसी कार्य को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने लंबित शिविरों को तत्काल आयोजित करने और आवश्यकतानुसार पुनः कैंप लगाने के लिए जिला सूचना पदाधिकारी (DIO) को निर्देश दिए।
सेविकाओं पर कड़ी निगरानी।
बैठक में 70% से कम कार्य निष्पादन करने वाली सेविकाओं को कारण बताओ नोटिस जारी करने और उनके मानदेय वृद्धि को तत्काल स्थगित करने का निर्णय लिया गया। उपायुक्त ने कहा कि सेविकाओं की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना पर जोर।
18-19 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के आवेदन पत्र समयबद्ध रूप से संकलित करने और कक्षा 8 से 12 तक की पात्र बालिकाओं को ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर पंजीकृत करने का निर्देश दिया गया।
समर अभियान और कुपोषण पर प्रभावी कदम।
उपायुक्त ने समर अभियान के तहत ग्रोथ मॉनिटरिंग को वैज्ञानिक तरीके से अद्यतन करने और कुपोषित बच्चों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पोषण योजनाओं में किसी भी शिथिलता को अस्वीकार्य बताया।
सखी वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली में सुधार
सखी वन स्टॉप सेंटर की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने पीड़ित महिलाओं और बालिकाओं को त्वरित सहायता, परामर्श और संरक्षण प्रदान करने के लिए सेंटर की कार्यशैली को और सुदृढ़ करने पर बल दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी रीना साहू, समर अभियान के जिला क्षेत्रीय प्रबंधक शंभू बड़ाईक, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी और जिले की सभी महिला पर्यवेक्षिकाएं उपस्थित थीं।
मो शाहबान की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
