बेरमो / नावाडीह: नावाडीह प्रखंड अंतर्गत पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र के पिलपिलो गांव में बुधवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां जगदंबा कोल फैक्ट्री की मालकिन शिवकुमारी और उनके पुत्र डॉक्टर शिवम कुमार की कार पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। इस घटना में मां-बेटा बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, हजारीबाग निवासी शिवकुमारी अपने पुत्र डॉक्टर शिवम कुमार के साथ बुधवार रात करीब 10:30 बजे रामहरिया स्थित जगदंबा कोल फैक्ट्री से कार संख्या JH09 AT 7328 से निकलकर कटहरडीह की ओर जा रही थीं। जैसे ही उनकी कार गोदोनला के पहले पिलपिलो के पास पहुंची, तभी दो बाइक पर सवार चार अज्ञात लोगों ने कार को रोकने का इशारा किया।
डॉक्टर शिवम द्वारा कार नहीं रोकने पर हमलावरों ने कार पर फायरिंग कर दी। हमलावरों द्वारा चलाई गई दो गोलियां कार के पिछले हिस्से में लगीं, जो आर-पार हो गईं। सौभाग्यवश, कार में सवार मां और बेटा सुरक्षित बच गए।
घटना के बाद डॉक्टर शिवम कुमार कार चलाते हुए सीधे बोकारो थर्मल थाना पहुंचे और इंस्पेक्टर पिंकू कुमार यादव को पूरे मामले की जानकारी दी। थाना प्रभारी ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को बोकारो थर्मल स्थित बीटीएस अस्पताल ले जाकर चिकित्सीय जांच करवाई, जहां दोनों को सुरक्षित बताया गया।
खबर लिखे जाने तक फायरिंग करने वाले हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है और न ही घटना के पीछे के कारणों का खुलासा हो पाया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
राजेश सागर की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
