रांची: मेरा युवा भारत कार्यक्रम के तहत कश्मीर से आए युवाओं की एक टीम ने आज झारखंड विधानसभा का भ्रमण किया। यह कार्यक्रम युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा गृह मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। रांची के नामकुम स्थित YBN यूनिवर्सिटी में यह आयोजन 9 फरवरी से 14 फरवरी 2026 तक संचालित है।
कश्मीरी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के अंतर्गत अनंतनाग, कुपवाड़ा, बारामुल्ला, बडगाम, श्रीनगर और पुलवामा जिलों से प्रत्येक जिले के 20-20 प्रतिभागी एवं दो-दो टीम लीडर (महिला एवं पुरुष की समान भागीदारी के साथ) शामिल हुए हैं। कुल 120 प्रतिभागी और 12 टीम लीडर इस कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं।
विधानसभा भ्रमण के दौरान युवाओं ने माननीय अध्यक्ष झारखंड विधानसभा श्री रबींद्रनाथ महतो से मुलाकात की। अध्यक्ष महोदय ने युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम देश की एकता और अखंडता को मजबूत करते हैं तथा विभिन्न राज्यों की संस्कृति, परंपरा और जीवनशैली को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने युवाओं से संवाद करते हुए झारखंड की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संपदा और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कश्मीर अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है, उसी प्रकार झारखंड भी अपने पठारी क्षेत्र, घने वनों और समृद्ध खनिज संपदा के लिए जाना जाता है। उन्होंने सुझाव दिया कि युवाओं को झारखंड के खनन क्षेत्रों का भी भ्रमण कराया जाए, ताकि वे यहां की खनिज संपदा और औद्योगिक विकास के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर झारखंड विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार, YBN यूनिवर्सिटी की टीम तथा जिला युवा अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
