कथारा: मजदूरों एवं विस्थापितों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जेसीएमयू के क्षेत्रीय सचिव ईकबाल अहमद ने सीसीएल के सीएमडी नीलेंदु कुमार सिंह से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान ईकबाल अहमद ने मजदूरों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को सीएमडी के समक्ष रखा। इनमें मजदूरों के पीएचडी एवं संडे के बकाया भुगतान, कथारा क्षेत्र में फायर ब्रिगेड वाहन की उपलब्धता, सीसीएल कॉलोनियों के समुचित रखरखाव तथा विस्थापितों की विभिन्न समस्याएं प्रमुख रूप से शामिल थीं।
ईकबाल अहमद ने कहा कि मजदूरों और विस्थापितों की लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान आवश्यक है। उन्होंने सीसीएल प्रबंधन से इन मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की।
सीसीएल सीएमडी नीलेंदु कुमार सिंह ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मजदूरों एवं स्थानीय लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रबंधन प्रतिबद्ध है और प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस मुलाकात को मजदूर हितों और क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। मजदूरों एवं स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही इन मुद्दों पर सकारात्मक कार्रवाई देखने को मिलेगी।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
