औरंगाबाद: जिला के नवीनगर नगर पंचायत क्षेत्र के बुढीबांध रामपुर गांव में जमीन और रास्ते के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोगों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में रामप्रीत पासवान, प्रदीप पासवान, हर्ष पासवान, दिलीप पासवान, ममता देवी, क्रांति देवी और फुल केसरी देवी शामिल हैं। सभी घायलों को आनन-फानन में रेफरल अस्पताल नवीनगर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद रेफर कर दिया। घायल रामप्रीत पासवान ने बताया कि गांव में जमीन और रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। गांव के ही राम नंदन पासवान और बीरबल पासवान के साथ रास्ते को लेकर तनाव बना हुआ था। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले से नवीनगर थाना के जनता दरबार में मामला दर्ज है।
घटना की सूचना मिलते ही नवीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि पुराने विवाद के कारण ही दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
अविनाश कुमार की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
