Home » News Update » BREAKING NEWS: अयोध्या राम मंदिर के दानपात्र से धन गबन का मामला: आरोपी के घर छापेमारी, ₹10 लाख बरामद, SIT जांच की मांग

BREAKING NEWS: अयोध्या राम मंदिर के दानपात्र से धन गबन का मामला: आरोपी के घर छापेमारी, ₹10 लाख बरामद, SIT जांच की मांग

अयोध्या/बिकापुर। राम जन्मभूमि मंदिर के दानपात्र से चढ़ावे की राशि के कथित गबन के मामले में जांच एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस प्रशासन और राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय की मौजूदगी में रुदौली क्षेत्र के मीनापुर ठकुरन फगौली गांव में आरोपी कर्मी के घर पर छापेमारी की गई। इस दौरान आरोपी के घर से करीब 10 लाख रुपये नकद बरामद होने की खबर है, जिसे जांच टीम अपने साथ ले गई है।

उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए राम मंदिर ट्रस्ट ने शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस पूरे प्रकरण की जांच SIT (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) से कराने की मांग की है।

5-6 महीने पहले ही मिली थी नौकरी, अचानक बदली माली हालत

आरोप है कि 27 वर्षीय लवकुश मिश्रा राम मंदिर में एक कर्मी के रूप में तैनात था और इसी दौरान वह दानपात्र के धन के गबन में शामिल हुआ। ग्रामीणों के अनुसार, लवकुश पहले कार मिस्त्री का काम करता था और करीब एक साल पहले (शादी के बाद) उसे मंदिर में नौकरी मिली थी। हालांकि, परिजनों के मुताबिक वह पिछले 5-6 महीने से वहां काम कर रहा था। नौकरी मिलने के बाद से ही उसकी जीवनशैली में अचानक बड़ा बदलाव आया था, जो इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ था। ग्रामीणों का दावा है कि गांव आने पर वह खुलकर पैसे खर्च करता था।

कूड़े के ढेर (घूर) से भी रुपया बरामद होने की चर्चा

गांव में यह चर्चा भी जोरों पर है कि लवकुश ने गबन की गई रकम का एक हिस्सा गांव में एक घूर (कूड़े के ढेर) में छिपाकर रखा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिस ने छापेमारी के दौरान वहां से भी एक बोरी में भरे रुपये बरामद किए हैं, हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

परिजनों की सफाई: ‘मकान के लिए जमीन गिरवी रखी, बेटे से संबंध नहीं’

इस पूरी कार्रवाई पर आरोपी के पिता बच्चूलाल मिश्रा ने सफाई दी है। उन्होंने बताया कि वे लंबे समय से गाजियाबाद में रह रहे थे और उन्हें इस नकदी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। फैजाबाद में बन रहे मकान के सवाल पर उन्होंने कहा:

“फैजाबाद का मकान हमारी मेहनत और करीब 10-12 बीघा कृषि भूमि गिरवी रखकर जुटाए गए पैसों से बन रहा है। इसका बेटे (लवकुश) से कोई लेना-देना नहीं है। उसे हमारे समधी रवि मिश्रा ने वहां नौकरी दिलवाई थी।”

जांच जारी, जल्द होगा बड़ा खुलासा

फिलहाल पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारी बरामद धन के स्रोतों और इस पूरे नेटवर्क की कड़ाई से जांच कर रहे हैं। SIT जांच की मांग के बाद इस मामले में कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

– ब्यूरो रिपोर्ट, LIVE 11 NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

POll

[democracy id="1"]

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal