छात्र-छात्राओं ने लगाए नशा विरोधी नारे, अफीम व ब्राउन शुगर के दुष्परिणामों की दी जानकारी।
गिद्धौर (चतरा) प्रखंड मुख्यालय स्थित गंगा स्मारक प्लस टू उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बुधवार को निषिद्ध मादक पदार्थों की रोकथाम एवं नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता प्रभात फेरी निकाली। प्रभात फेरी का नेतृत्व अंचलाधिकारी अनंत सयनम विश्वकर्मा, विधायक प्रतिनिधि सह भाजपा जिला उपाध्यक्ष कपिल कुमार, सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार कुशवाहा तथा थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री ने संयुक्त रूप से किया।
प्रभात फेरी विद्यालय परिसर से निकलकर मुख्य चौक, ब्लॉक मोड़, पांडेय टोला समेत विभिन्न मोहल्लों का भ्रमण करते हुए ठाकुरवाड़ी टोला होकर पुनः विद्यालय परिसर पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में तख्तियां लेकर “जीवन से नशा को करें दरकिनार, खुश रहेगा घर-परिवार”, “नशा से दूरी बनाएं, स्वस्थ एवं सुंदर जीवन पाएं” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को नशा छोड़ने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। इसके बाद जिला पुलिस लाइन से आए जवानों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर अफीम की खेती एवं ब्राउन शुगर के सेवन और कारोबार से होने वाले दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी दी। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया गया कि अफीम की अवैध खेती करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाती है तथा ऐसे मामलों में जेल भेजे जाने का प्रावधान है। साथ ही ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री एवं सेवन से होने वाली सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी हानियों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।
मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. कृष्ण कुमार टिंकू, डॉ. राजीव दास, गेंदों रवि दास, संतोष सेठ सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
आमीर सुहैल की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
