कथारा (बेरमो): 12वें वेज बोर्ड को शीघ्र लागू करने की मांग को लेकर संयुक्त ट्रेड यूनियन मोर्चा के बैनर तले बुधवार को कथारा क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाओं के कामगारों ने जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व घोषित मांग दिवस के तहत मजदूरों ने कृष्ण चेतना क्लब से जुलूस निकालते हुए सीसीएल कथारा क्षेत्रीय महाप्रबंधक कार्यालय तक मार्च किया और मानव संसाधन विभागाध्यक्ष माधुरी मड़के को मांगपत्र सौंपा।
इसके बाद आयोजित सभा की अध्यक्षता कॉमरेड चंद्रशेखर झा ने की। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कोयला मजदूर कठिन एवं जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में काम कर देश की ऊर्जा, इस्पात और सीमेंट जैसे महत्वपूर्ण उद्योगों की रीढ़ बने हुए हैं। इसके बावजूद मजदूरों की लंबे समय से लंबित मांगों की अनदेखी की जा रही है।
संयुक्त ट्रेड यूनियन मोर्चा ने केंद्र सरकार एवं कोल इंडिया प्रबंधन से अविलंब 12वां वेज बोर्ड लागू करने, चारों श्रम संहिताओं (लेबर कोड) को वापस लेने तथा मेहनत के अनुरूप उचित मजदूरी सुनिश्चित करने की मांग की। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मजदूरों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
सभा को कॉमरेड श्याम बिहारी सिंह दिनकर, बालेश्वर गोप, विजय कुमार सिंह, मो. इकबाल अहमद, कामोद प्रसाद और मथुरा सिंह यादव ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर गणेश राम, कमलेश गुप्ता, अमित सिंह, बालगोविंद मंडल सहित बड़ी संख्या में कामगार उपस्थित रहे।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
