तेनुघाट: झारखंड पेंशनर कल्याण समाज, अनुमंडल शाखा तेनुघाट के अध्यक्ष इंदेश्वरी चौबे ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, तेनुघाट के कार्यपालक अभियंता को पत्र भेजकर सेवानिवृत्त कर्मियों के लंबित पेंशन मामलों का शीघ्र निपटारा करने की मांग की है।
पत्र में बताया गया है कि विभाग के कर्मचारी मदन राम (31 अक्टूबर 2023), तुगेश्वर तिवारी, शंभू गोप, रामदुलार रविदास (31 अक्टूबर 2024), प्रभु राम (31 जनवरी 2025) तथा शारदा देवी (28 फरवरी 2026) सेवानिवृत्त हो चुके हैं। सरकार के नियमानुसार इन्हें पेंशन का लाभ मिलना चाहिए, लेकिन अब तक इनकी पेंशन का निर्धारण नहीं होने के कारण भुगतान शुरू नहीं हो सका है। इससे सेवानिवृत्त कर्मियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और वे लगातार विभागीय कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
इंदेश्वरी चौबे ने बताया कि इस संबंध में 23 जून और 4 जुलाई को पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, तेनुघाट कार्यालय में वार्ता भी हुई थी। वार्ता के आधार पर मांग की गई है कि सभी लंबित पेंशन प्रपत्र तैयार कर 31 जुलाई तक महालेखाकार, रांची को अग्रसारित किए जाएं तथा इसकी सूचना झारखंड पेंशनर कल्याण समाज को भी दी जाए।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित तिथि तक लंबित पेंशन मामलों का निपटारा नहीं किया गया तो झारखंड पेंशनर कल्याण समाज 5 अगस्त को विभागीय कार्यालय का घेराव, धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल जैसे आंदोलनात्मक कार्यक्रम चलाने को बाध्य होगा।
इस पत्र की प्रतिलिपि उपायुक्त बोकारो, अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो, आरक्षी उपाधीक्षक बेरमो, थाना प्रभारी तेनुघाट तथा अधीक्षण अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता अंचल धनबाद को भी भेजी गई है।
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
