औरंगाबाद: जिले के नवीनगर प्रखंड के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शनिवार को पुलिस-पब्लिक लोक संवाद गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसी क्रम में नवीनगर शहर स्थित गौतम बुद्ध नगर भवन में भी पुलिस और आम जनता के बीच संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाना था।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए पुलिस अधिकारियों ने कहा कि समाज में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और जनता के बीच आपसी सहयोग एवं विश्वास अत्यंत आवश्यक है। लोगों की सहभागिता से ही अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
बैठक के दौरान नगर पंचायत क्षेत्र में हाल ही में चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराने के बाद यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ है तथा आम लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिल रही है। अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर दोबारा अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा और प्रशासन इस पर लगातार नजर बनाए हुए है।
लोक संवाद कार्यक्रम में उपस्थित स्थानीय लोगों ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को पुलिस पदाधिकारियों के समक्ष रखा। लोगों ने शराब तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने, बाजार क्षेत्रों में लगने वाले सड़क जाम की समस्या दूर करने, चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण तथा रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की। कई लोगों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की भी अपेक्षा जताई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों और समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अपराध या असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। गोष्ठी में जदयू नेता सूर्यवंश सिंह, कांग्रेस के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष संतन सिंह, भाजपा नेता उदय प्रताप सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता प्रो. सुनील बोस, उमेश सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पुलिस पदाधिकारियों की ओर से थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार उपाध्याय, एसआई राजू कुमार, एएसआई सुधीर कुमार, महादेव विद्यार्थी, पीटीसी रूपकमल सिंह, संतोष कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। वहीं नवीनगर प्रखंड के अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस-पब्लिक लोक संवाद गोष्ठियों का आयोजन किया गया, जहां स्थानीय लोगों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना गया तथा कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर चर्चा की गई।
अविनाश कुमार की रिपोर्ट,
