बोकारो: जिले के चन्द्रपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत डीवीसी पश्चिम पल्ली आवासीय कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ अज्ञात अपराधियों ने 65 वर्षीय नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। इस जानलेवा हमले में उनका पुत्र रोहित सिन्हा भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के बाद आनन-फानन में घायल रोहित को स्थानीय चन्द्रपुरा अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बोकारो रेफर कर दिया है।
इस दोहरे हत्याकांड से पूरी कॉलोनी में सनसनी फैल गई है और दहशत का माहौल है। हत्या के स्पष्ट कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। घटना की सूचना मिलते ही चन्द्रपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गहन छानबीन में जुट गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अज्ञात हमलावरों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू कर दी गई है।
शंकर प्रसाद की रिपोर्ट,
