Home » News Update » तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत छापेमारी, चार दुकानदारों पर लगा जुर्माना

तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत छापेमारी, चार दुकानदारों पर लगा जुर्माना

बोकारो: तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत सोमवार को सेक्टर-6 थाना क्षेत्र में पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में स्थित आठ दुकानों की जांच की गई, जिसमें चार दुकानों पर तंबाकू नियंत्रण कानून का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों से कुल 2,000 रुपये जुर्माना वसूला गया।

 

पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व सेक्टर-6 थाना प्रभारी विक्रांत कुमार एवं राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के जिला परामर्शी मोहम्मद असलम ने संयुक्त रूप से किया।

 

जांच के दौरान थाना प्रभारी ने सेक्टर-5 पेट्रोल पंप के सामने स्थित पांडे दुकान के संचालक को सख्त हिदायत दी कि दुकान के पीछे खुले स्थान पर किसी भी व्यक्ति को धूम्रपान करने की अनुमति नहीं दी जाए। वहीं, डीपीएस जूनियर स्कूल के आसपास संचालित दुकानदारों को तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं करने का निर्देश दिया गया।

 

इस मौके पर जिला परामर्शी मोहम्मद असलम ने दुकानदारों को कोटपा-2003 एवं झारखंड संशोधन अधिनियम, 2021 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी भवनों, अस्पतालों एवं न्यायालयों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित है। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करना और तंबाकू सेवन के बाद थूकना भी दंडनीय है। उन्होंने दुकानदारों को 21 वर्ष से कम आयु के बच्चों को तंबाकू उत्पाद नहीं बेचने की चेतावनी दी तथा नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की बात कही।

 

उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आने वाली पीढ़ी को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाना तथा जिले में तंबाकू मुक्त वातावरण तैयार करना है। इसके लिए आगे भी नियमित जांच और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

 

छापेमारी अभियान में थाना प्रभारी विक्रांत कुमार, जिला परामर्शी मोहम्मद असलम सहित सेक्टर-6 थाना की पूरी टीम मौजूद रही।

मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

POll

[democracy id="1"]

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal