• अगले साल बिरसा की 150वीं जयंती इसलिए भाजपा के घोषणा पत्र में होंगे 150 वादे
झारखंड में भाजपा की सरकार बनी तो महिलाओं के नाम एक रुपए में जमीन-फ्लैट की रजिस्ट्री फिर शुरू होगी। किसानों को भी प्रति एकड़ पांच हजार रुपए की सहायता दी जाएगी।
प्रदेश भाजपा की चुनाव घोषणा पत्र समिति इन प्रस्तावों को अंतिम रूप दे चुकी है। सितंबर के अंत तक चुनाव घोषणा पत्र जारी होने की उम्मीद है। घोषणा पत्र भगवान बिरसा मुंडा को समर्पित होगा। 2025 में उनकी 150 वीं जयंती है। इसलिए, भाजपा के घोषणा पत्र में भी 150 घोषणाएं होंगी।
बता दें कि महिलाओं के नाम एक रुपए में जमीन की रजिस्ट्री की शुरुआत पूर्व सीएम रघुवर दास के कार्यकाल में हुई थी। किसानों को भी प्रति एकड़ पांच हजार रुपए और अधिकतम पांच एकड़ के लिए 25 हजार रुपए देने की योजना शुरू हुई थी। 2019 में हेमंत सरकार बनने पर इन्हें बंद कर दिया गया था।
पांच क्षेत्रों पर फोकस, गोगो दीदी योजना शुरू होगी
भाजपा पांच प्रमुख वादों को लेकर चुनाव में उतरेगी। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के जवाब में गोगो दीदी योजना शुरू करेगी। सरकार बनने के एक महीने के भीतर इसे लागू किया जाएगा। इसके अलावा जनजातीय समाज के प्रमुख तीर्थ स्थलों का पुनरुद्धार होगा। आदिवासी युवाओं को पुलिस व अन्य नियुक्तियों में शारीरिक मापदंड व अहर्ताओं में छूट दी जाएगी। आकर्षक आवास योजना लाने का वादा किया जाएगा।
बंगलादेशी घुसपैठ और धर्मांतरण को विशेष स्थान मिलेगाः घोषणा पत्र में बांग्लादेशी घुसपैठ और धर्मांतरण पर विशेष फोकस होगा। इसके लिए अलग से एक खंड होगा। उसमें बताया जाएगा कि संथाल में कैसे डेमोग्राफी चेंज हुई है। 70% से अधिक पहाड़िया जनजाति का धर्म परिवर्तन हो चुका है। 2019 के विधानसभा चुनाव में ईसाई मिशनरियों के प्रधानों ने कहा था कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनना क्रिसमस गिफ्ट है। इसके रिटर्न गिफ्ट के रूप में मिशनरियों ने धर्म परिवर्तन कराया।
परिवर्तन यात्रा समाप्त होते ही गोगो दीदी के लिए भरवाए जाएंगे फॉर्म
भाजपा ने परिवर्तन यात्रा की समाप्ति के साथ ही महिलाओं से गोगो दीदी योजना के लिए फॉर्म भरवाने का काम शुरू कर देगी। मालूम हो कि मध्य प्रदेश में लाडली बहना योजना और छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना को अपनी घोषणा पत्र में शामिल कर दोनों प्रदेशों में सत्ता में लौटी थी।
