कथारा: मंगलवार की देर शाम कथारा बीटीपीएस मोड़ के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाइवा चालक की मौत हो गई। चार चक्का वाहन (संख्या JH09BE-9732) की चपेट में आने से हाइवा चालक शंकर मुंडा (42 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल शंकर मुंडा को सीसीएल कथारा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बोकारो स्थित मेमोरियल अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक शंकर मुंडा कथारा स्थित असनापनी के निवासी थे और हाइवा वाहन चालक के रूप में कार्यरत थे। बताया जाता है कि वे सड़क किनारे अपना हाइवा खड़ा कर नीचे उतरे ही थे, तभी तेज रफ्तार से आ रही चार चक्का वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चार चक्का वाहन चालक का नाम विशाल बताया जा रहा है, जिसकी मां सीसीएल की कर्मी हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए।
फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
