हजारीबाग: चालकुशा थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी एक कांड के अनुसंधान के सिलसिले में धनबाद जिले के बरवाड़ा थाना क्षेत्र से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। दुर्घटना में एक सिपाही की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी, जबकि तीन अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा था।
इलाज के दौरान 17 जुलाई 2026 की रात्रि लगभग 1:30 बजे रांची के मेडिकल अस्पताल में भर्ती आरक्षी नरेश कुमार यादव ने भी दम तोड़ दिया। उनके निधन की खबर से हजारीबाग पुलिस परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
आरक्षी नरेश कुमार यादव का पार्थिव शरीर पुलिस केंद्र हजारीबाग लाया गया, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम सलामी दी गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक हजारीबाग, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव, सदर एवं बरही, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय/सीसीआर सहित जिले के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
सभी अधिकारियों और जवानों ने दिवंगत आरक्षी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद अधिकारियों ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
दिवंगत आरक्षी नरेश कुमार यादव की कर्तव्यनिष्ठा, साहस और सेवा भावना को पुलिस विभाग ने श्रद्धापूर्वक नमन किया। उनके असामयिक निधन को पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया।
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
