बेरमो: बोकारो थर्मल थाना के समीप से डीवीसी मध्य विद्यालय जाने वाली मुख्य सड़क पर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। डीवीसी के एफएम-33 बिल्डिंग के पास तेज आंधी-पानी और गरज के दौरान 220 वोल्ट का विद्युत तार पोल से टूटकर सीधे सड़क पर गिर गया। तार गिरते ही सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
स्कूली बच्चों का है मुख्य रास्ता:
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह वही मुख्य रास्ता है जिससे प्रतिदिन डीवीसी मध्य विद्यालय के सैकड़ों बच्चे, शिक्षक और एफएम कॉलोनी, सीआर कॉलोनी के लोग पैदल और साइकिल से आवागमन करते हैं। सुबह 7 बजे से इस सड़क पर बच्चों की आवाजाही शुरू हो जाती है। गनीमत रही कि तार सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच गिरा, जब सड़क सुनसान थी। अगर 30 मिनट की भी देरी होती तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था और करंट की चपेट में आकर जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था।
सूचना पर पहुंची डीवीसी की टीम:
घटना की सूचना कॉलोनीवासियों ने तुरंत डीवीसी सब-स्टेशन को दी। सूचना मिलते ही डीवीसी की विद्युत टीम लाइनमैन के साथ तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने सबसे पहले एरिया की बिजली काटी और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए टूटे तार को जोड़ा। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई।
राजेश सागर की रिपोर्ट,
