बेरमो: झारखंड अलग राज्य के लिए आंदोलन करने वाले बोकारो थर्मल के निवासी एवं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के दिवंगत वरिष्ठ नेता स्वर्गीय मोहम्मद मनीरुद्दीन को बोकारो जिला प्रशासन द्वारा मरणोपरांत प्रशस्ति प्रमाण पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया है।
प्रशासन की ओर से दिया गया यह सम्मान भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव एवं स्वयं झारखंड आंदोलनकारी रहे इफ्तेखार महमूद ने शनिवार को स्वर्गीय मनीरुद्दीन के आवास पर पहुंचकर उनकी विधवा पत्नी जमीला खातून को सौंपा। सम्मान मिलते ही परिवार और पार्टी कार्यकर्ताओं में भावुकता का माहौल रहा।
इफ्तेखार महमूद ने कहा कि झारखंड राज्य के निर्माण में स्व. मनीरुद्दीन जैसे आंदोलनकारियों का योगदान अतुलनीय है। उनके संघर्ष और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। जिला प्रशासन द्वारा उन्हें सम्मानित करना पूरे बोकारो थर्मल के लिए गर्व की बात है।
मौके पर भाकपा नेता मो. शाहजहां ने कहा कि स्व. मनीरुद्दीन जीवन भर गरीब, मजदूर और वंचितों की आवाज बनकर लड़े। झारखंड आंदोलन से लेकर आम लोगों के हक की लड़ाई तक उन्होंने हमेशा अग्रिम भूमिका निभाई।
इस दौरान पार्टी नेता रामेश्वर साव, जानकी महतो, देवानंद प्रजापति सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने दिवंगत नेता को नमन कर उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।
राजेश सागर की रिपोर्ट,
