बेरमो: दामोदर घाटी निगम (DVC) के बोकारो थर्मल पावर स्टेशन (BTPS) में शनिवार, 10 अक्टूबर को क्रेच सुविधा का विधिवत उद्घाटन किया गया। परियोजना प्रधान सुशील कुमार अर्जरिया एवं ओ एंड एम विभाग के मधुकर श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इस सुविधा की शुरुआत की। इस अवसर पर डीवीसी के कई वरीय अधिकारी, विभागीय प्रमुख और कर्मचारी उपस्थित रहेl
क्रेच सुविधा शुरू होने से छोटे बच्चों वाले पात्र कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब कार्यस्थल पर ही बच्चों की सुरक्षित देखभाल की व्यवस्था उपलब्ध होने से कर्मचारियों को अपने कार्य दायित्वों का निर्वहन करने में सहूलियत होगी। खासकर महिला कर्मचारियों के लिए यह पहल बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जो अक्सर काम और घर की दोहरी जिम्मेदारी निभाती हैं।यह सुविधा श्रम संहिताओं (लेबर कोड) के प्रावधानों के अनुरूप शुरू की गई है। डीवीसी प्रबंधन का कहना है कि यह पहल कर्मचारियों के कल्याण और कार्यस्थल पर बेहतर, सहयोगात्मक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रबंधन ने कहा कि क्रेच सुविधा का शुभारंभ कर्मचारियों के हितों, सुरक्षा और कल्याण के प्रति डीवीसी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इससे संस्थान में कर्मचारी कल्याण से जुड़ी सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी और कार्य-जीवन संतुलन बेहतर होगा। अधिकारियों ने बताया कि क्रेच में बच्चों की देखभाल के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि अभिभावक निश्चिंत होकर अपना कार्य कर सकें।
राजेश सागर की रिपोर्ट,
