बोकारो: आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से खाद्य सुरक्षा जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार, 10 नवंबर 2026 को बोकारो जिले के चंदनकियारी क्षेत्र में पांच मिठाई एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
उपायुक्त बोकारो एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी पूजा कुमारी (बोकारो-02) ने किया। निरीक्षण के दौरान जिन खाद्य कारोबारियों के पास FSSAI रजिस्ट्रेशन या लाइसेंस नहीं पाया गया, उन्हें नोटिस जारी किया गया।
वहीं, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए विभिन्न प्रतिष्ठानों से नमूने एकत्रित कर राज्य खाद्य प्रयोगशाला, रांची भेजे गए हैं।
इस संबंध में अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने सभी खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई रखने, खाद्य पदार्थों के निर्माण में स्वच्छता का ध्यान रखने तथा अखाद्य रंगों का इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश दिया है। साथ ही बाहर से आने वाली सिंथेटिक एवं नकली मिठाई, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों की खरीद-बिक्री में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की सुसंगत धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
