Home » News Update » भूदान में मिली जमीन पर प्लांट लगाने का विरोध, ग्रामीणों ने प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी।

भूदान में मिली जमीन पर प्लांट लगाने का विरोध, ग्रामीणों ने प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी।

हरिहरगंज (पलामू): हरिहरगंज नगर पंचायत के प्रस्तावित एफएसटीपी (फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट) निर्माण को लेकर जमीन विवाद गहराता जा रहा है। कटैया पंचायत के कजरू कला गांव में प्लांट निर्माण के लिए प्रस्तावित जमीन को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट होकर प्रस्तावित स्थल पर पहुंचे और जमीन अधिग्रहण के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने स्पष्ट शब्दों में कहा, ‘जान दे देंगे, लेकिन अपनी जमीन नहीं देंगे।’

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि एफएसटीपी प्लांट का निर्माण उनके गांव की जमीन पर नहीं कराया जाए, बल्कि इसके लिए किसी अन्य उपयुक्त स्थान का चयन किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि जिस जमीन पर प्लांट बनाने की योजना है, वह उन्हें उनके पूर्वजों को भूदान के माध्यम से प्राप्त हुई थी। इसी जमीन पर खेती-बाड़ी कर कई परिवार वर्षों से अपना जीवनयापन कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि बीते 18 जुलाई को प्रशासन की ओर से पुलिस बल की मौजूदगी में करीब 13 एकड़ जमीन पर कब्जे की प्रक्रिया के तहत ट्रेंच कटवाया गया था। इसके बाद प्रभावित परिवारों ने डीसी पलामू, एसडीओ छतरपुर और अंचल अधिकारी हरिहरगंज को लिखित आवेदन सौंपकर जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की थी।

ग्रामीणों के मुताबिक, वर्ष 1962 में बिहार भूदान यज्ञ कमेटी की ओर से उनके पूर्वजों को उक्त जमीन दी गई थी। इसके समर्थन में उनके पास भूदान का पर्चा और वर्ष 2015 तक की लगान रसीद उपलब्ध है। उनका दावा है कि करीब छह दशक से अधिक समय से वे इस जमीन पर खेती करते आ रहे हैं। यदि जमीन उनसे छिन गई तो कई परिवार दोबारा भूमिहीन हो जाएंगे और उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा।

स्कूल और आबादी के पास प्लांट लगाने पर जताई चिंता

ग्रामीणों ने प्रस्तावित स्थल के चयन पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि प्लांट के आसपास उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय और कई आवासीय मकान मौजूद हैं। ऐसे में प्लांट से संभावित दुर्गंध और प्रदूषण के कारण स्कूली बच्चों तथा आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जनहित और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए दूसरी जगह प्लांट स्थापित करने की अपील की।

प्रदर्शन में सूरजमल राम, योगेंद्र राम, गिरवर राम, कृष्णा राम, इंदु देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।

18 नवंबर तक अंचल कार्यालय में जमा करें जमीन के दस्तावेज

इस मामले में हरिहरगंज के अंचल अधिकारी मनीष कुमार सिन्हा ने बताया कि संबंधित जमीन राजस्व अभिलेखों में गैरमजरुआ खास किस्म की दर्ज है। पुराने सर्वे में इसका कुल रकबा 76 एकड़, जबकि नए सर्वे में 70 एकड़ 10 डिसमिल दर्ज है।

उन्होंने बताया कि उक्त जमीन पर अपना दावा करने वाले सभी लोग 18 नवंबर तक संबंधित कागजात अंचल कार्यालय में जमा करें। प्राप्त दस्तावेजों की जांच-पड़ताल के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल एफएसटीपी प्लांट को लेकर ग्रामीणों का विरोध जारी है। अब सबकी निगाहें प्रशासन की जांच और आगे लिए जाने वाले निर्णय पर टिकी हैं।

अविनाश कुमार की रिपोर्ट,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

POll

[democracy id="1"]

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal