Home » News Update » धुन्धुआ महोत्सव में श्वेता सिंह समेत कलाकारों ने बांधा समां, देर तक झूमते रहे दर्शक

धुन्धुआ महोत्सव में श्वेता सिंह समेत कलाकारों ने बांधा समां, देर तक झूमते रहे दर्शक

नवीनगर (औरंगाबाद): नवीनगर प्रखंड के धुन्धुआ गांव में कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय धुन्धुआ महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव में गीत-संगीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। पूरे गांव में उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहा। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला संस्कृति पदाधिकारी पप्पू राज, प्रखंड विकास पदाधिकारी ओंकार वैभव सिंह, अंचलाधिकारी परीक्षित कुमार, मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी कुमार परमार, उपप्रमुख लव कुमार सिंह, महोत्सव संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह एवं मुखिया रीता देवी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर भास्कर समिति के सचिव जगदीश चौधरी, उपाध्यक्ष अनुग्रह सिंह, सुरेंद्र पाल, वीरेंद्र मेहता, सरोज मेहता, भोला यादव, जितेंद्र कुमार एवं महंत जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। महोत्सव के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं के बीच पेंटिंग एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। रंगोली प्रतियोगिता में मध्य विद्यालय धुन्धुआ की खुशी कुमारी ने प्रथम, दीपा कुमारी ने द्वितीय और शीला कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पेंटिंग प्रतियोगिता में धन्या कुमारी प्रथम, राखी कुमारी द्वितीय और जिया कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। सफल प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं। इससे स्थानीय कला एवं संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ ही समाज में आपसी एकता और भाईचारे की भावना भी मजबूत होती है।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान स्थानीय एवं आमंत्रित कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। श्वेता सिंह, सृष्टि लक्ष्मी, सनोज सागर, पियूष ठाकुर और धर्मेंद्र धड़कन ने एक से बढ़कर एक गीत-संगीत एवं नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। देर तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रम में दर्शक कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लेते रहे। ग्रामीणों ने कहा कि धुन्धुआ महोत्सव स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है। आयोजन समिति ने महोत्सव को प्रत्येक वर्ष और बड़े स्तर पर आयोजित करने का संकल्प जताया, ताकि धुन्धुआ गांव को सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान मिल सके।

महोत्सव में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, विद्यार्थी, शिक्षक एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति गीत और सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति के साथ हुआ।

अविनाश कुमार की रिपोर्ट,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

POll

[democracy id="1"]

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal