देव (औरंगाबाद): देव कार्तिक छठ मेला-2026 के पावन अवसर पर सोमवार, 16 नवंबर को जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र नाथ वर्मा ने देव स्थित पवित्र सूर्यकुंड में उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान दोनों वरीय अधिकारियों ने भगवान सूर्य की आराधना कर समस्त जिलावासियों के सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने छठ महापर्व की पावन परंपरा और लोकआस्था के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए सभी श्रद्धालुओं एवं जिलावासियों को छठ पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
छठ महापर्व के अवसर पर देव में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को लेकर की गई व्यवस्थाओं का लगातार अनुश्रवण किया गया। प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते नजर आए।
जिला प्रशासन की ओर से देव कार्तिक छठ मेला-2026 में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें।
अंत में जिला प्रशासन, औरंगाबाद की ओर से समस्त जिलावासियों को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
अविनाश कुमार की रिपोर्ट,
