तेनुघाट: माननीय सर्वोच्च न्यायालय, झारखंड उच्च न्यायालय एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बोकारो के निर्देशानुसार रविवार 15 नवंबर को तेनुघाट उपकारा में जेल अदालत-सह-कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में मुंसिफ शिवराज मिश्रा ने बंदियों को छठ पर्व की बधाई दी। शिविर के दौरान बंदियों को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि जेल में सभी बंदियों को सभी प्रकार की सुविधाएं दी जाती हैं। जेल से निकलने के बाद उन्हें अच्छे कामों पर ध्यान देना चाहिए, आवेश में आकर कोई काम नहीं करना चाहिए।
आगे बंदियों को उनके अधिकार एवं कर्तव्य के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि जहां हमारे अधिकार हैं, वहीं हमारे कर्तव्य भी हैं। जैसे सड़क पर चलना हमारा अधिकार है, वहीं हमारा कर्तव्य है कि हम हमेशा बाएं चलें, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
अधिवक्ता प्रशांत पाल ने बताया कि जो बंदी अधिवक्ता रखने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें जेल में आवेदन देने के बाद निःशुल्क अधिवक्ता मुहैया कराया जाता है। जेल में बंदियों को कई प्रकार की सुविधाएं दी जाती हैं।
मंच संचालन कर रहे अधिवक्ता सुभाष कटरियार ने बताया कि जेल अदालत के साथ-साथ मेडिकल कैंप का भी आयोजन किया गया, जिसमें चिकित्सकों द्वारा बंदियों की स्वास्थ्य जांच की गई। उन्होंने बंदियों को दहेज उत्पीड़न के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दहेज लेना और देना दोनों अपराध हैं, इसलिए इस अपराध से बचना चाहिए।
इस अवसर पर बंदियों ने भी अपनी समस्याएं रखीं, जिसके निराकरण का आश्वासन न्यायिक दंडाधिकारी ने दिया। स्वागत भाषण और धन्यवाद ज्ञापन जेलर सूरज मोदी ने किया। इस मौके पर डॉ. आनंद, आशीष कुमार, इस्तियाक अंसारी, विजय कुमार, मदन प्रजापति सहित तमाम जेलकर्मी मौजूद थे।
