रामगढ़ (झारखंड): युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सक्षम झारखंड कौशल विकास योजना के तहत शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को रामगढ़ स्थित एरोसॉफ्ट हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड में एक दिवसीय प्लेसमेंट ड्राइव का सफल आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले में 120 से अधिक प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने शामिल होकर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की पहल की।
प्लेसमेंट ड्राइव में KPR Sugar and Apparels Limited की ओर से श्री मुकेश कुमार वर्मा, Karma Shine से सुश्री दिव्या एक्का, 2050 Healthcare से श्री रामवृक्ष यादव, Varenya Swasthyamitra से श्री सचिन कुमार तथा Ayuda Solution से श्री नीरज कुमार ने सहभागिता की।
इस दौरान कंपनी प्रतिनिधियों ने अपने-अपने संस्थानों की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं, विभिन्न पदों पर रिक्तियों, कार्यक्षेत्र और वेतनमान की विस्तृत जानकारी प्रशिक्षणार्थियों को दी। साथ ही युवाओं को अपने कौशल और प्रतिभा के अनुरूप रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान केंद्र की दो स्टार एलुमनाई (Star Alumni) सुश्री जया कुमारी एवं सुश्री सविता मरांडी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। दोनों ने प्रशिक्षण पूरा करने के बाद KPR Sugar and Apparels Limited में सात माह से अधिक समय तक सफलतापूर्वक कार्य किया है। उनकी मेहनत और उपलब्धि को देखते हुए केंद्र के प्लेसमेंट कोऑर्डिनेटर श्री शिवनंदन कुमार ने पुरस्कार प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया।
28 प्रशिक्षणार्थियों को मिला नियुक्ति पत्र
इस प्लेसमेंट ड्राइव की महत्वपूर्ण उपलब्धि यह रही कि 28 प्रशिक्षणार्थियों को नियुक्ति पत्र (Offer/Appointment Letters) प्रदान किए गए। इसके अलावा प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले युवाओं के बीच प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। इससे प्रशिक्षणार्थियों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
आयोजकों ने बताया कि सक्षम झारखंड कौशल विकास योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ना है। इस तरह के प्लेसमेंट ड्राइव युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में केंद्र के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। सामूहिक प्रयास और बेहतर समन्वय के साथ यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
अविनाश कुमार की रिपोर्ट,
