Home » Uncategorized » चंपाई के भाजपा में जाने पर झामुमो ने लगाया विश्वासघात का आरोप

चंपाई के भाजपा में जाने पर झामुमो ने लगाया विश्वासघात का आरोप

छह महीने से हो रही थी साजिश हिमंता ने ही स्पष्ट कर दिया : झामुमो

विशेष संवाददाता रांची

झामुमो के महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि चंपाई सोरेन को लेकर छह महीने पहले से ही भाजपा साजिश कर रही थी. यह तो असम के मुख्यमंत्री व झारखंड के प्रभारी हिमंता विश्वा सरमा ने तो अपने बयान में ही स्पष्ट कर दिया था कि वह पिछले छह महीने से लगातार चंपाई सोरेन के संपर्क में थे. आश्चर्य तो यह है कि जिस दल के साथ चंपाई दा की पार्टी का राजनीतिक संघर्ष था, उसी में जाना जनता से विश्वासघात है. भाजपा के चरित्र से पूरे देश के लोग वाकिफ हैं.

कोल्हान पर असर नहीं : झामुमो महासचिव ने कहा कि चंपाई के जाने से भाजपा ख्याली पुलाव पका रही है. जहां तक कोल्हान की बात है, तो झामुमो के सिंबल पर जीत होती है, किसी व्यक्ति विशेष का रोल नहीं होता. इसलिए पार्टी वहां आगे भी बेहतर करेगी.

अपमान नहीं पार्टी ने सम्मान दिया : चंपाई सोरेन द्वारा अपमान की बात कहे जाने पर श्री पांडेय ने कहा कि जिस पार्टी ने उन्हें लगातार मंत्री बनाया. मुख्यमंत्री तक का पद देकर सम्मान दिया, तो अपमान की बात कहां से आती है. इडी द्वारा जब हेमंत सोरेन पर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही थी, तब हेमंत सोरेन ने खुद विधायक दल की बैठक में जाकर कहा हम चाहते हैं कि चंपाई सोरेन हमारे बाद इस राज्य के मुख्यमंत्री रहें. तब सबने एक स्वर सहमति दी. आप समझ सकते हैं चंपाई सोरेन पर कितना विश्वास था. अपमान की बात कहना कहीं से उचित नहीं है. खास कर तब, जबकि उन्हें पार्टी ने सबकुछ दिया है.

चंपाई ने की भारी गलती, पछताना पड़ेगा : मथुरा

झामुमो के वरिष्ठ विधायक मथुरा महतो ने कहा कि चंपाई सोरेन के साथ काम करने का पहले भी मौका मिलता रहा है.समझ नहीं आता है कि उन्होंने ऐसा निर्णय क्यों और कैसे लिया. उन्होंने भारी गलती की है. भविष्य में उन्हें अपने इस फैसले पर पछतावा होगा. श्री महतो ने कहा कि झामुमो चंपाई ही एकमात्र ऐसे विधायक रहे हैं, जिन्हें जब भी सरकार बनी है, तो कभी न कभी मंत्री बनते रहे हैं. यहां तक कि पार्टी ने उन्हें मुख्यमंत्री तक बनाया. हम इस बार मंत्री नहीं बने. सब तो बन भी नहीं सकता. मुझे इस बात का कोई मलाल नहीं है. हमलोग पूरी मजबूती के साथ गुरुजी और हेमंत सोरेन के साथ खड़े हैं. श्री महतो ने कहा कि किसी भी संगठन में पार्टी पहले होती है नेता बाद में. पार्टी ही नेता को बनाती है. चंपाई सीनियर लीडर रहे हैं, उनका यह कदम आत्मघाती साबित होगा,

चंपाई के जाने से संगठन पर प्रभाव नहीं : स्टीफन

झामुमो के एक और वरिष्ठ विधायक स्टीफन मरांडी ने कहा कि चंपाई सोरेन ने गलत कदम उठाया है. उनके जाने से संगठन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा. क्योंकि भाजपा में यह ताकत नहीं है कि वह झामुमो सरकार के कामकाज पर उंगली उठा सके. जनता सब जानती है कि किसने क्या किया है. आज एक-एक महिलाओं के खाते में पैसा जा रहा है, किसके कारण जा रहा है. झामुमो के कारण. विपक्ष के पास कोई मुद्दा ही नहीं है. तो कहते हैं काम नहीं हुआ है. विधानसभा चुनाव करीब है, पता चल जायेगा कौन, कितना पानी में है.

Shamsher Editor in chief
Author: Shamsher Editor in chief

14/08/1980

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

POll

[democracy id="1"]

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal