मो शाहबान
चतरा: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कीर्तिश्री जी की अध्यक्षता में खाद्य आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) और झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना (JSFSS) के तहत खाद्यान्न का शत-प्रतिशत वितरण समय पर सुनिश्चित करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया, ताकि कोई भी पात्र लाभुक वंचित न रहे।
उपायुक्त ने भवन प्रमंडल, चतरा के कार्यपालक अभियंता को प्रखंड स्तरीय गोदामों की मरम्मति शीघ्र पूरी करने, जिला सहकारिता पदाधिकारी को चयनित पैक्स की SOP मानकों के आधार पर जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने और पैक्स की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने का आदेश दिया। इसके अलावा, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को लाभुकों का ई-केवाईसी और आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया तेज करने तथा छह माह से अधिक समय से खाद्यान्न नहीं उठाने वाले कार्डधारियों का सत्यापन कर उनके कार्ड रद्द करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने विशेष रूप से पीवीटीजी (PVTG) लाभुकों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने और झारखंड राज्य खाद्य निगम के गोदामों का वरीय पदाधिकारियों द्वारा मासिक निरीक्षण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही, कुंदा प्रखंड में आधार पंजीकरण केंद्र खोलने की बात कही गई।
बैठक में अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी नीतू सिंह, जिला सहकारिता पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, सहायक गोदाम प्रबंधक, एफसीआई उठाव प्रभारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
