Ramgarh : रामगढ़ जिले के रजरप्पा मंदिर रोड में आज यानी शुक्रवार को भोरे-भोर हाथियों ने तांडव मचाया है। हाथियों के झुंड ने एक शख्स को कुचलकर मार डाला। मृतक की शिनाख्त मुश्ताक अंसारी के तौर पर की गयी है। मुश्ताक अंसारी गोला थाना क्षेत्र के मुरपा गांव का रहने वाले थे। बताया जाता है कि मुश्ताक अंसारी सीसीएल रजरप्पा वाशरी प्लांट में का काम करते थे। रोज़ की तरह आज भी वह अपने काम पर जा रहे थे, तभी रास्ते में हाथियों का झुंड आ गया और उन पर हमला कर दिया। हाथियों ने पास के एक होटल को भी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने सरकार से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के कई घंटे बीत जाने के बाद भी वन विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। लोगों का कहना है कि यह प्रशासन की बड़ी लापरवाही है, क्योंकि कई दिनों से जंगल में हाथियों का झुंड देखा जा रहा था। बता दें कि इसी रोड से रोजाना हजारों श्रद्धालु रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर दर्शन के लिए जाते हैं। ऐसे में समय रहते चेतावनी जारी न करना प्रशासन और वन विभाग की लापरवाही मानी जा रही है।
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
