मधुपुर : झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण, पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री तथा मधुपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक हाफिजुल हसन ने आज मधुपुर प्रखंड के कजरा गाँव पहुँचकर शहीद अग्निवीर नीरज चौधरी के परिजनों से मुलाकात की।

सियाचिन की बर्फीली चोटियों पर मातृभूमि की रक्षा करते हुए शहीद हुए वीर सपूत नीरज चौधरी की शहादत को मंत्री ने झारखंड का गौरव बताया। उन्होंने शहीद के पिता अनिल चौधरी सहित परिवारजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि,
शहीद नीरज की शहादत हर झारखंडवासी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके परिवार की पीड़ा को शब्दों में बयान करना कठिन है, लेकिन हमारा कर्तव्य है कि हम हर कदम पर उनके साथ खड़े रहें।
मंत्री हसन ने यह भी घोषणा की कि शहीद नीरज चौधरी की प्रतिमा शीघ्र ही उनके परिवार के समन्वय से कजरा गाँव में स्थापित की जाएगी, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ उनके बलिदान से प्रेरणा ले सकें।
उन्होंने कहा कि वे जल्द ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर शहीद परिवार को नियमानुसार हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का प्रयास करेंगे।
मंत्री हफीजुल हसन ने कहा राज्य सरकार शहीद के परिवार के साथ है। नीरज की शहादत हमें सदा प्रेरित करेगी। कजरा गाँव और पूरे झारखंड की ओर से उन्हें कोटि-कोटि नमन।

अंत में मंत्री ने शहीद नीरज चौधरी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा
देश के लिए उनका सर्वोच्च बलिदान हमेशा अमर रहेगा। जय हिंद!
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
