Bokaro : नगर पालिका आम चुनाव 2026 की मतगणना 27 फरवरी को होनी है। उससे पहले 26 फरवरी को बोकारो के जोनल आईजी सुनील भास्कर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के पुलिस कप्तानों के साथ बैठक की। बैठक में साफ कहा गया कि मतगणना के दिन किसी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं होगी और हर हाल में शांति बनाए रखनी है।
मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा
आईजी सुनील भास्कर ने निर्देश दिया कि हर जिले में मतगणना केंद्र के आसपास और वहां तक जाने वाले रास्तों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात रहें। महिला और पुरुष पुलिसकर्मी दोनों मौजूद रहेंगे। सभी जवानों को लाठी, हेलमेट और शील्ड जैसे सुरक्षा उपकरणों के साथ ड्यूटी पर रहने को कहा गया है।
संवेदनशील इलाकों में क्यूआरटी तैनात
भीड़भाड़ और संवेदनशील माने गए स्थानों पर क्विक रिस्पॉन्स टीम तैनात की जाएगी। इन टीमों के पास दंगा नियंत्रण के जरूरी उपकरण रहेंगे, जिनमें आंसू गैस, स्टन ग्रेनेड और रबर या प्लास्टिक बुलेट शामिल हैं। टीम के अधिकारियों को आपस में संपर्क बनाए रखने के लिए वायरलेस सेट अनिवार्य रूप से रखने को कहा गया है।
अंदर सिर्फ अधिकृत लोगों को ही एंट्री
मतगणना केंद्र के अंदर सिर्फ उन्हीं लोगों को जाने दिया जाएगा जिनके पास अधिकृत पास होगा। प्रवेश से पहले मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी व्यक्ति अंदर किसी तरह की संदिग्ध वस्तु लेकर न जाए। सुरक्षा के लिहाज से मतगणना केंद्र और संभावित विजय जुलूस के रास्ते से ईंट, पत्थर, टायर जैसी चीजें पहले ही हटाने का निर्देश दिया गया है, ताकि कोई उनका गलत इस्तेमाल न कर सके।
ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी
मतगणना केंद्रों और वहां तक जाने वाले रास्तों की निगरानी सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से की जाएगी। जिला नियंत्रण कक्ष को पूरी तरह सक्रिय रहने का आदेश दिया गया है। किसी भी सूचना पर तुरंत वरीय अधिकारियों और राज्य नियंत्रण कक्ष को जानकारी देने को कहा गया है।
विजय जुलूस पर सख्त नजर
आईजी सुनील भास्कर ने साफ किया कि बिना अनुमंडल पदाधिकारी या सक्षम अधिकारी की अनुमति के कोई भी विजय जुलूस नहीं निकलेगा। जुलूस के मार्ग में पड़ने वाले धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। जुलूस में शामिल लोगों के पास किसी तरह का हथियार नहीं होना चाहिए, इस पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। जुलूस में बजने वाले गानों की पहले से सूची तैयार कराई जाएगी। यह देखा जाएगा कि कोई भड़काऊ या माहौल खराब करने वाला गीत न बजे।
पुराने अपराधियों पर निगरानी
पहले से विवाद या घटनाओं में शामिल रहे लोगों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 126 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों को बाउंड डाउन कर उन पर खास नजर रखी जाएगी, ताकि वे किसी तरह की गड़बड़ी न कर सकें।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई
मतगणना के दिन शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। अवैध शराब बेचने वालों को भी चिन्हित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
सोशल मीडिया पर भी रहेगी नजर
तकनीकी शाखा और सोशल मीडिया सेल को खास तौर पर सक्रिय रहने को कहा गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक खबरों पर नजर रखी जाएगी, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।
ट्रैफिक के लिए वैकल्पिक व्यवस्था
यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। इनकी जानकारी सोशल मीडिया और अखबारों के माध्यम से पहले ही जारी की जाएगी, ताकि आम लोगों को बेवजह परेशानी न हो। बैठक में यह भी कहा गया कि ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मी आम लोगों से शालीन व्यवहार करें और किसी से उलझें नहीं। पुलिस विभाग का कहना है कि पूरी कोशिश है कि मतगणना शांतिपूर्ण माहौल में पूरी हो और लोगों को सुरक्षा का भरोसा मिले।
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
