Home » News Update » मतगणना की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

मतगणना की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

गिरिडीह: नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के अंतर्गत मतगणना कार्य को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रामनिवास यादव ने बताया कि मतगणना की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मतपेटिकाओं को सुरक्षित रूप से ब्रजगृह (स्ट्रॉन्ग रूम) में सीसीटीवी निगरानी एवं त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखा गया है। ब्रजगृह के बाहर 24 घंटे सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है तथा अभ्यर्थियों या उनके अधिकृत प्रतिनिधियों को नियमानुसार निगरानी की अनुमति दी गई है। मतगणना प्रारंभ होने से पूर्व निर्धारित समय पर ब्रजगृह को अभ्यर्थियों की उपस्थिति में खोला जाएगा। मतगणना हॉल की व्यवस्था के संबंध में बताया गया कि प्रत्येक नगर निकाय के लिए अलग-अलग हॉल निर्धारित किए गए हैं। मतगणना केंद्र के भीतर प्रवेश के लिए पास प्रणाली लागू की गई है, जिससे केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश मिल सके। प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना पर्यवेक्षक, एक मतगणना सहायक एवं एक माइक्रो ऑब्जर्वर की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि मतों की गणना में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहे। टेबलों की संख्या संबंधित वार्डों की संख्या के अनुसार निर्धारित की गई है। अधिक मतदाताओं वाले वार्डों के लिए अतिरिक्त टेबल की व्यवस्था की गई है, जिससे मतगणना कार्य समयबद्ध रूप से पूरा किया जा सके। गिरिडीह नगर निगम के मतगणना हॉल संख्या 01 में वार्ड संख्या 1 से 18 तक की मतगणना की जानी है, जिसके लिए टेबल की संख्या 16 तथा चक्र की संख्या 05 होगी। इसके पश्चात नगर निगम गिरिडीह के मतगणना हॉल संख्या 02 में वार्ड संख्या 19 से 36 तक की मतगणना की जानी है, जिसके लिए टेबल की संख्या 16 तथा चक्र की संख्या 04 होगी। इसके अलावा बड़की सरैया नगर पंचायत के मतगणना हॉल संख्या 02 में वार्ड संख्या 01 से 12 तक की मतगणना की जानी है, जिसके लिए टेबल की संख्या 08 तथा चक्र की संख्या 02 होगी। वहीं धनवार नगर पंचायत के मतगणना हॉल संख्या 03 में वार्ड संख्या 01 से 11 तक की मतगणना की जानी है, जिसके लिए टेबल की संख्या 08 तथा चक्र की संख्या 02 होगी। वहीं नगर निगम गिरिडीह के लिए कुल मतदान मतगणना कर्मियों की संख्या 96 एवं बड़की सरैया नगर पंचायत के लिए कुल मतदान मतगणना कर्मियों की संख्या 24 तथा धनवार नगर पंचायत के लिए कुल मतदान मतगणना कर्मियों की संख्या 24 है। कुल 166 मतदान केंद्रों के लिए 192 मतगणना कर्मियों को लगाया गया है। प्रत्येक टेबल पर बैलेट पेपर की गिनती निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी तथा प्रत्येक चक्र (राउंड) की समाप्ति के बाद परिणामों की घोषणा की जाएगी। मतगणना चक्र के संबंध में जानकारी दी गई कि वार्डवार मतों की गणना चरणबद्ध तरीके से की जाएगी। प्रत्येक राउंड के बाद अभ्यर्थियों को परिणाम पत्रक की प्रति उपलब्ध कराई जाएगी। किसी भी प्रकार की आपत्ति होने पर संबंधित प्रावधानों के तहत उसका समाधान किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूरी मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी तथा मीडिया के लिए अलग से निर्धारित स्थल बनाया गया है, जहां से वे अधिकृत जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया कि मतगणना कार्य निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा।

Shamsher Editor in chief
Author: Shamsher Editor in chief

14/08/1980

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

POll

[democracy id="1"]

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal