Home » News Update » बीटीपीएस में 15 दिवसीय स्वच्छता पखवाड़ा का समापन, ‘स्वच्छता एक संस्कार, इसे रोज की आदत बनाएं

बीटीपीएस में 15 दिवसीय स्वच्छता पखवाड़ा का समापन, ‘स्वच्छता एक संस्कार, इसे रोज की आदत बनाएं

बेरमो /भारत सरकार के स्वच्छ भारत मिशन के तहत 16 मई से 30 मई 2026 तक दामोदर घाटी निगम की बोकारो थर्मल पावर स्टेशन (बीटीपीएस) इकाई में आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा का भव्य समापन समारोह शनिवार को बोकारो क्लब परिसर में आयोजित किया गया. 15 दिनों तक चले इस महाअभियान में संयंत्र से लेकर टाउनशिप और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वच्छता की अलख जगाई गई.

समारोह के मुख्य अतिथि सीजीएम सह परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक सरकारी कार्यक्रम या पखवाड़े तक सीमित जिम्मेदारी नहीं है. यह एक संस्कार है जिसे हमें अपने आचरण और रोजमर्रा के जीवन में उतारना होगा. उन्होंने पूरे पखवाड़े को अनुशासित और प्रभावी तरीके से आयोजित करने के लिए मानव संसाधन विभाग की पूरी टीम को बधाई दी. स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान बीटीपीएस प्रबंधन ने जनजागरूकता के लिए बहुआयामी कार्यक्रम आयोजित किए. इसकी शुरुआत 16 मई को स्वच्छता शपथ के साथ हुई थी. पखवाड़े के दौरान संयंत्र परिसर, प्रशासनिक भवन, अस्पताल, आवासीय कॉलोनी, बाजार क्षेत्र और डीवीसी+2 उच्च विद्यालय में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया.

29 मई को स्थानीय बाजार में ‘जूट बैग वितरण अभियान’ चलाकर दुकानदारों और ग्राहकों को सिंगल यूज प्लास्टिक का त्याग करने के लिए प्रेरित किया गया. नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया. संयंत्र और टाउनशिप में जगह-जगह स्वच्छता पर आधारित बैनर-पोस्टर लगाए गए और वृक्षारोपण भी किया गया.

समापन समारोह में पखवाड़े के दौरान आयोजित सभी प्रतियोगिताओं के विजेता स्कूली बच्चों और बीटीपीएस कर्मचारियों को बुलाकर सम्मानित किया गया. परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया, महाप्रबंधक अलेक्जेंडर ए ए कुजूर और अन्य अधिकारियों ने विजेताओं को उपहार प्रदान किए. स्वच्छता श्रमदान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सफाई कर्मियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया.

कार्यक्रम में महाप्रबंधक अलेक्जेंडर ए कुजूर, वरिष्ठ प्रबंधक (एचआर) पार्थसारथी मुखर्जी, प्रबंधक (एचआर) सुनील कुमार, प्रबंधक (एचआर) अंजू बोपाई, उप महाप्रबंधक (सिविल), मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उपस्थित थे.

पूरे पखवाड़े की रूपरेखा तैयार करने और सफल संचालन के लिए एचओपी महोदय ने आयोजन समिति के सभी सदस्यों की सराहना की. उन्होंने समापन समारोह का बेहतरीन संचालन करने के लिए मंच संचालिका आरती रानी के प्रति विशेष आभार जताया.

कार्यक्रम के समापन पर सीजीएम श्री अरजरिया ने उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता, जल संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाने का संकल्प दिलाया. सभी ने एक स्वर में बीटीपीएस को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने में अपना सक्रिय योगदान देने का वादा किया.

बेरमो संवाददाता राजेश सागर की रिपोर्ट,

Shamsher Editor in chief
Author: Shamsher Editor in chief

14/08/1980

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

POll

[democracy id="1"]

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal