बेरमो /पुलिस अधीक्षक, बोकारो ने शुक्रवार को जिले के ललपनिया ओपी, महुआटांड थाना, जगेश्वर विहार थाना, दनिया पिकेट, रहावन ओपी एवं झुमरा सीआरपीएफ कैंप का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना/ओपी/पिकेट/कैंप क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई एवं सिरिस्ता के कार्यों की बारीकी से समीक्षा की. उन्होंने उपस्थित थाना प्रभारियों व पदाधिकारियों से पूछताछ कर लंबित मामलों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
एसपी के प्रमुख निर्देश:
1. आम जनता की समस्याओं का त्वरित व विधिवत समाधान सुनिश्चित करें.
2. सभी लंबित कांडों, वारंट, इश्तेहार व कुर्की का ससमय निष्पादन करें.
3. पासपोर्ट व चरित्र सत्यापन से जुड़े मामलों को समयबद्ध तरीके से निपटाएं.
4. प्रत्येक थाना में सप्ताह में एक दिन ‘थाना दिवस’ का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जाए.

एसपी ने साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने और रिकॉर्ड संधारण में पारदर्शिता बरतने पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार आम लोगों के प्रति संवेदनशील हो और शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई हो.
निरीक्षण के दौरान एसपी ने जवानों से भी बात की और उनकी समस्याएं सुनीं. सुरक्षा के दृष्टिकोण से संवेदनशील क्षेत्रों में गश्ती बढ़ाने का भी निर्देश दिया गया.
बेरमो से राजेश सागर की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
