बेरमो: बेरमो अनुमंडल के तेनुघाट स्थित सिंचाई विभाग अतिथि भवन परिसर में शनिवार को निवर्तमान अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) मुकेश मछुआ के सम्मान में भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। वहीं नवपदस्थापित एसडीओ मनोज कुमार का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। समारोह में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने एक साथ उपस्थित होकर दोनों अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बेरमो एसडीपीओ रविन्द्र कुमार सिंह, गोमिया अंचलाधिकारी आफताब आलम, गोमिया बीडीओ महादेव कुमार महतो, पेटरवार बीडीओ मुकेश कुमार, पेटरवार सीओ अशोक राम, अंचल निरीक्षक जितेंद्र कुमार, बोकारो थर्मल थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव, तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो, कथारा ओपी प्रभारी राजेश प्रजापति तथा महुआटांड़ थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने निवर्तमान एसडीओ मुकेश मछुआ के लगभग 18 माह के कार्यकाल की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उनके नेतृत्व में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जनहित के कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अधिकारियों ने उनके सरल, सहयोगात्मक एवं सकारात्मक कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा टीम भावना के साथ कार्य किया, जिससे प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन में काफी सुविधा हुई।
इस अवसर पर नवपदस्थापित एसडीओ मनोज कुमार का स्वागत करते हुए अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में अनुमंडल क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और सभी विभाग बेहतर तालमेल के साथ जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।
अपने संबोधन में निवर्तमान एसडीओ मुकेश मछुआ ने प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बेरमो अनुमंडल में बिताया गया समय उनके लिए बेहद यादगार रहेगा। यहां की भौगोलिक विविधता, कार्य अनुभव और लोगों का स्नेह हमेशा उनकी स्मृतियों में बना रहेगा।
समारोह के अंत में उपस्थित अधिकारियों ने मुकेश मछुआ को शॉल, माला, बुके एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी। वहीं नए एसडीओ मनोज कुमार को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
