हुसैनाबाद (पलामू): हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के मालवरिया बस्ती के समीप सुनसान सड़क पर एक बाइक सवार युवक से मारपीट कर बाइक और मोबाइल लूटने की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। विशेष अनुसंधान दल (SIT) की कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो बालिग और दो नाबालिग शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 4 जून 2026 की रात करीब 2:30 बजे हुई थी। पीड़ित के आवेदन के आधार पर हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 126/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) एवं 309(4) में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांशु शुक्ला के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। जांच में पता चला कि सभी आरोपी हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के लोटनिया गांव के निवासी हैं और आपस में मित्र हैं। उन्होंने पहले से योजना बनाकर राहगीरों को निशाना बनाने की साजिश रची थी।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (JH-03 AN-7053) तथा नथिंग कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में लोटनिया निवासी उज्ज्वल कुमार उपाध्याय (20 वर्ष) और वसीम अख्तर (21 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। वहीं दो विधि-विरुद्ध बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
दोनों बालिग आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है, जबकि दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांशु शुक्ला, थाना प्रभारी चंदन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक रमन यादव तथा हुसैनाबाद थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
अविनाश कुमार की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
