Home » News Update » बिजली पोल मरम्मत के दौरान बड़ा हादसा, 11 हजार वोल्ट करंट से बिजली कर्मी गंभीर रूप से झुलसा

बिजली पोल मरम्मत के दौरान बड़ा हादसा, 11 हजार वोल्ट करंट से बिजली कर्मी गंभीर रूप से झुलसा

औरंगाबाद: जिला के नवीनगर प्रखंड के टंडवा बाजार वार्ड नम्बर 3 में बिजली पोल मरम्मत के दौरान बड़ा हादसा हो गया। 11 हजार वोल्ट विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से एक बिजली कर्मी गंभीर रूप से झुलस गया। घायल की पहचान कुटुंबा थाना क्षेत्र के कासिमपुर गांव निवासी महमूद आलम के रूप में हुई है। हादसे में उसका बायां हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया। जानकारी के अनुसार टंडवा बाजार वार्ड नम्बर 3 में झुके हुए ट्रांसफार्मर पोल को दुरुस्त करने का कार्य चल रहा था। यह कार्य विद्युत विभाग नवीनगर की ओर से औरंगाबाद के संवेदक अनिल सिंह को सौंपा गया था। कार्यस्थल पर कुछ मजदूरों के साथ महमूद आलम पोल पर चढ़कर मरम्मत का कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक 11 हजार वोल्ट बिजली प्रवाहित तार की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार मौके पर लाइनमैन सुमित कुमार भी मौजूद था। ऐसे में यह चर्चा तेज हो गई है कि मरम्मत कार्य के दौरान बिजली लाइन बंद कराई गई थी या नहीं। लोगों का कहना है कि कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया। सूत्रों के मुताबिक घायल महमूद आलम पूर्ण रूप से प्रशिक्षित बिजलीकर्मी भी नहीं था और उसे सीमित तकनीकी जानकारी थी। ऐसे में बिना पर्याप्त प्रशिक्षण और सुरक्षा उपकरण के उसे हाई वोल्टेज लाइन के पास काम पर लगाने को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के बाद घायल कर्मी को तत्काल मगध अस्पताल, नवीनगर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। इधर घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और संवेदक पर कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि विद्युत विभाग के अधिकारी इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।

अविनाश कुमार की रिपोर्ट,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

POll

[democracy id="1"]

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal